logo

पूर्वी सिंहभूम में स्कूल से 13 पंखे चुराने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, बंगाल से बरामद हुए चोरी के पंखे

पूर्वी सिंहभूम में स्कूल से 13 पंखे चुराने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, बंगाल से बरामद हुए चोरी के पंखे

जमशेदपुर :
घाटशिला अनुमंडल के चाकुलिया थाना क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय रूपुषकुंडी में चोरों ने रात के अंधेरे में कमरों में लगे 13 पंखों को एक-एक कर खोल लिया। स्कूल से चोरी किए गए 10 सीलिंग और तीन दीवार पंखों को झाड़ग्राम की एक पंखा रिपेयरिंग दुकान में बेच दिया गया। पुलिस ने मामले का उद्भेदन करते हुए चोरी के पंखे खरीदने वाले दुकानदार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है। 

दुकानदार समेत दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चाकुलिया के सांपधरा निवासी तमिर महतो उर्फ पाण्डू महतो (34) और झाड़ग्राम के बलरामडीही निवासी काशीनाथ मंडल (50) के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल सात पंखे व उनके पार्ट्स, पंखे खोलने के उपकरण और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

28 अगस्त की रात स्कूल से चोरी हुए थे 13 पंखे
घटना 28 अगस्त की रात की है। अज्ञात चोरों ने मध्य विद्यालय रूपुषकुंडी के अलग-अलग कमरों में लगे 10 सीलिंग पंखे और तीन दीवार पंखे खोलकर चुरा लिए थे। अगले दिन घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक धनंजय हेम्ब्रम ने चाकुलिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

गुप्त सूचना और तकनीकी जांच से मिला सुराग
थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। 14 सितंबर को पुलिस ने सांपधरा गांव से तमिर महतो उर्फ पाण्डू महतो को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर उसके घर से चोरी के तीन सीलिंग पंखे और पंखे खोलने में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए।

झाड़ग्राम की दुकान में बेचे गए थे चोरी के पंखे
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तमिर ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर स्कूल में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी किए गए पंखों को झाड़ग्राम, पश्चिम बंगाल में काशीनाथ मंडल की पंखा रिपेयरिंग दुकान में बेच दिया गया था। इसके बाद पुलिस टीम झाड़ग्राम पहुंची और काशीनाथ मंडल की दुकान से चार पंखों के खुले हुए पार्ट्स बरामद किए। पुलिस ने काशीनाथ मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
मंगलवार को एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी और थाना प्रभारी राजेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों को मामले की पूरी जानकारी दी। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी के अलावा एसआई अजित कुमार, एसआई मनोज कुमार मुर्मू, आरक्षी सुधाकर प्रसाद सिंह और धिन्ना कच्छप शामिल थे।

Tags - Jamshedpur News Chakulia Fan Theft School Theft Jharkhand Crime Tamir Mahto